मुंगेली । सड़क दुर्घटनाओं को रोकने और आमजन को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से मुंगेली पुलिस द्वारा 37वें राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह–2026 का भव्य शुभारंभ किया गया। यह कार्यक्रम पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल (IPS) के मार्गदर्शन में 1 जनवरी को स्वामी आत्मानंद बी.आर. साव स्कूल परिसर में आयोजित हुआ। कार्यक्रम का मुख्य संदेश रहा— “सड़क सुरक्षा से जीवन रक्षा”। शुभारंभ अवसर पर पुलिस अधीक्षक श्री पटेल ने कहा कि सड़क दुर्घटनाएं केवल आंकड़े नहीं होतीं, बल्कि इससे पूरा परिवार उजड़ जाता है। उन्होंने दोपहिया वाहन चालकों से ISI मार्क हेलमेट पहनने, चारपहिया चालकों से सीटबेल्ट लगाने तथा नशे की हालत में वाहन न चलाने की सख्त अपील की। युवाओं को तेज रफ्तार से बचने और ट्रैफिक नियमों का पालन करने का संदेश दिया गया। इस दौरान उपस्थित छात्र-छात्राओं, नागरिकों और वाहन चालकों को सामूहिक रूप से यातायात नियमों के पालन की शपथ भी दिलाई गई। कार्यक्रम में जिला पंचायत सीईओ प्रभाकर पाण्डेय, एसडीओपी मयंक तिवारी, डीएसपी नवनीत पाटिल, रक्षित निरीक्षक नरगिस तिग्गा सहित पुलिस अधिकारी, एनसीसी व स्काउट-गाइड के छात्र तथा बड़ी संख्या में नागरिक मौजूद रहे। रक्षित निरीक्षक नरगिस तिग्गा ने बताया कि पूरे माह जिले में सघन जागरूकता अभियान चलाया जाएगा। इसके तहत हाट-बाजारों में नुक्कड़ नाटक, व्यावसायिक चालकों के लिए निःशुल्क स्वास्थ्य एवं नेत्र परीक्षण शिविर, स्कूल-कॉलेजों में यातायात कार्यशालाएं और लाइसेंस शिविर लगाए जाएंगे। जनजागरूकता के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल और सीईओ प्रभाकर पाण्डेय ने हेलमेट बाइक रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। रैली ने शहर में भ्रमण कर सुरक्षित ड्राइविंग का संदेश दिया। आयोजन को सफल बनाने में कोतवाली थाना प्रभारी कार्तिकेश्वर जांगड़े सहित पुलिस अमले की सराहनीय भूमिका रही।
