मुंगेली । 26 जनवरी गणतंत्र दिवस के पावन अवसर पर बाल विकास परियोजना कार्यालय मुंगेली में गरिमामय एवं उल्लासपूर्ण वातावरण के बीच ध्वजारोहण कार्यक्रम आयोजित किया गया। परियोजना अधिकारी राजेंद्र गेंदले ने राष्ट्रीय ध्वज फहराकर तिरंगे को सलामी दी। ध्वजारोहण के साथ ही कार्यालय परिसर देशभक्ति के नारों और राष्ट्रगान से गूंज उठा।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए परियोजना अधिकारी राजेंद्र गेंदले ने उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को गणतंत्र दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि 26 जनवरी का दिन भारतीय लोकतंत्र और संविधान की गरिमा का प्रतीक है। इसी दिन देश को अपना संविधान प्राप्त हुआ, जिसने प्रत्येक नागरिक को समान अधिकार और कर्तव्य प्रदान किए। उन्होंने संविधान निर्माताओं एवं स्वतंत्रता सेनानियों को नमन करते हुए उनके बलिदान को याद किया।
श्री गेंदले ने कहा कि बाल विकास परियोजना के माध्यम से शासन की योजनाएं महिलाओं और बच्चों तक पहुंचाई जा रही हैं। आंगनबाड़ी केंद्रों के जरिए पोषण, स्वास्थ्य, शिक्षा और संरक्षण से जुड़े कार्य किए जा रहे हैं, जो राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कर्मचारियों से अपेक्षा की कि वे पूरी निष्ठा, ईमानदारी और संवेदनशीलता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें।
इस अवसर पर यशवंत शर्मा सहित बाल विकास परियोजना कार्यालय के सभी कर्मचारी उपस्थित रहे। सभी ने सामूहिक रूप से राष्ट्रगान का गायन किया और देश की एकता, अखंडता व संप्रभुता की रक्षा का संकल्प लिया। कार्यक्रम के अंत में मिष्ठान वितरण किया गया। ध्वजारोहण कार्यक्रम शांतिपूर्ण, अनुशासित और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ।


