मुंगेली। छत्तीसगढ़ के औद्योगिक विकास की दिशा में मुंगेली जिले ने एक ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल की है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में राज्य मंत्रिपरिषद ने भारत अर्थ मूवर्स लिमिटेड (बीईएमएल) के प्रस्तावित हैवी अर्थ मूविंग इक्वीपमेंट (Heavy Earth Moving Equipment) निर्माण संयंत्र की स्थापना के लिए ग्राम चंद्रगढ़ी, तहसील पथरिया में 79.70 एकड़ शासकीय भूमि रियायती दर पर आबंटित करने के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है।
यह संयंत्र छत्तीसगढ़ का पहला हैवी अर्थ मूविंग इक्वीपमेंट निर्माण उद्योग होगा। इसके स्थापित होने से राज्य को राष्ट्रीय औद्योगिक मानचित्र पर नई पहचान मिलेगी और आधुनिक भारी मशीन निर्माण उद्योग की शुरुआत होगी।
रोजगार और उद्योग को मिलेगा बढ़ावा
बीईएमएल की इस महत्वाकांक्षी परियोजना से स्थानीय युवाओं के लिए प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे। साथ ही कौशल विकास, तकनीकी प्रशिक्षण, उद्यमिता और सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्योगों (MSME) को भी नई गति मिलेगी। इंजीनियरिंग, मशीन पार्ट्स, परिवहन, लॉजिस्टिक्स, सर्विसिंग तथा अन्य सहायक उद्योगों के विकास की संभावनाएं भी मजबूत होंगी।
कलेक्टर ने दी जिलेवासियों को बधाई
कलेक्टर कुन्दन कुमार ने इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर जिलेवासियों को बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए कहा कि बीईएमएल संयंत्र मुंगेली के औद्योगिक विकास का मजबूत आधार बनेगा। उन्होंने कहा कि राज्य मंत्रिपरिषद की मंजूरी जिले के लिए मील का पत्थर साबित होगी और इससे स्थानीय युवाओं, उद्यमियों तथा व्यवसायियों के लिए विकास के नए द्वार खुलेंगे।
विशेष प्रयासों से मुंगेली को मिली परियोजना
पथरिया एसडीएम श्रीमती रेखा चंद्रा ने बताया कि प्रारंभिक स्तर पर इस परियोजना के लिए रायगढ़ एवं जांजगीर-चांपा जिलों में भूमि चिन्हांकन की प्रक्रिया चल रही थी। इसी दौरान कंपनी ने मुंगेली जिले में भी उपयुक्त भूमि की उपलब्धता में रुचि दिखाई।
कलेक्टर कुन्दन कुमार के निर्देश पर जिला व्यापार एवं उद्योग केंद्र तथा राजस्व विभाग की संयुक्त टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए विस्तृत सर्वेक्षण किया और 79.70 एकड़ उपयुक्त शासकीय भूमि का चिन्हांकन किया। आवश्यक औपचारिकताएं पूरी कर भूमि उद्योग विभाग को हस्तांतरित की गई तथा रियायती दर पर बीईएमएल को आबंटित करने का प्रस्ताव शासन को भेजा गया, जिसे अब राज्य मंत्रिपरिषद ने स्वीकृति प्रदान कर दी है।
रणनीतिक दृष्टि से उपयुक्त स्थान
महाप्रबंधक उद्योग विभाग किशोर राजपूत ने बताया कि ग्राम चंद्रगढ़ी, तहसील पथरिया स्थित यह भूमि बिलासपुर–रायपुर राष्ट्रीय राजमार्ग से लगभग 30 किलोमीटर की दूरी पर स्थित है और मुख्य मार्ग से अच्छी तरह जुड़ी हुई है। परियोजना के लिए सभी आवश्यक विभागों से अनापत्ति प्रमाण-पत्र एवं अन्य औपचारिक प्रक्रियाएं भी पूरी कर ली गई हैं।
बीईएमएल संयंत्र की स्थापना से मुंगेली न केवल छत्तीसगढ़ के औद्योगिक विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा, बल्कि भविष्य में आधुनिक विनिर्माण और इंजीनियरिंग गतिविधियों का प्रमुख केंद्र बनकर उभरेगा।
