मुंगेली। पोषण माह के अंतर्गत बाल विकास परियोजना कोदवाबानी क्रमांक-2 के आंगनबाड़ी केंद्र कोदवाबानी केंद्र क्रमांक-2, रोहरा खुर्द में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में उपस्थित महिलाओं को बच्चों के समुचित पोषण, स्वास्थ्य, स्वच्छता एवं बेहतर परवरिश से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां दी गईं।

इस अवसर पर ‘परवरिश के चैंपियन’ विषय के माध्यम से बच्चों की उचित देखभाल, पोषण एवं सर्वांगीण विकास में माता-पिता एवं परिवार की महत्वपूर्ण भूमिका पर चर्चा की गई। साथ ही IEC (Information, Education and Communication) गतिविधियों के माध्यम से महिलाओं को संतुलित आहार, स्वच्छता, पोषण एवं बच्चों के स्वस्थ विकास के प्रति जागरूक किया गया।

कार्यक्रम के दौरान महिलाओं को पोषण संबंधी जानकारी को अपने दैनिक जीवन में अपनाने तथा आसपास के परिवारों को भी जागरूक करने के लिए प्रेरित किया गया। आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं द्वारा पोषण एवं बाल विकास से जुड़े महत्वपूर्ण संदेशों को सरल एवं सहज तरीके से समझाया गया।
पोषण माह का उद्देश्य जनभागीदारी के माध्यम से पोषण के प्रति जागरूकता बढ़ाना, कुपोषण की रोकथाम करना तथा बच्चों के स्वस्थ एवं उज्ज्वल भविष्य के लिए समुदाय की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करना है।
