मुंगेली । सतनामी समाज के विवाह योग्य युवक-युवतियों के लिए राजधानी रायपुर में 4 जनवरी (रविवार) को राष्ट्र स्तरीय विशाल परिचय सम्मेलन का आयोजन किया जाएगा। यह कार्यक्रम गुरु घासीदास साहित्य एवं संस्कृति अकादमी के तत्वावधान में राज टॉकीज के सामने स्थित शहीद स्मारक भवन में सुबह 10 बजे से प्रारंभ होगा। मुंगेली से यह जानकारी प्रदेश महामंत्री सतनामी समाज रूपलाल कोसरे ने प्रेस विज्ञप्ति के माध्यम से दी। उन्होंने बताया कि सम्मेलन में छत्तीसगढ़ सहित देश के विभिन्न प्रांतों से बड़ी संख्या में सतनामी युवक-युवतियां अपने परिजनों के साथ भाग लेंगे। इस वर्ष आयोजन का दसवां संस्करण है, जिसका प्रसारण एलईडी स्क्रीन और फेसबुक लाइव के माध्यम से किया जाएगा। कार्यक्रम स्थल पर पंजीयन हेतु विशेष काउंटर लगाए जाएंगे, जहां अविवाहित, विधवा, विधुर एवं वैध तलाकशुदा प्रतिभागी पंजीयन करा सकेंगे। बिना पंजीयन प्रवेश नहीं दिया जाएगा। सम्मेलन में निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर, चाय-नाश्ता व भोजन की व्यवस्था रहेगी। समिति की महिलाएं दोनों पक्षों की काउंसलिंग कर रिश्ते तय कराने में सहयोग करेंगी। सम्मेलन के बाद प्रतिभागियों का फोटोयुक्त बायोडाटा वैवाहिक पत्रिका “बंधन” में प्रकाशित किया जाएगा।
