मुंगेली । पीएम-जनमन योजना के तहत विशेष पिछड़ी बैगा जनजाति को बेहतर स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराने की दिशा में जिला प्रशासन ने महत्वपूर्ण पहल की है। कलेक्टर कुन्दन कुमार के निर्देशानुसार जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी प्रभाकर पाण्डेय ने लोरमी विकासखण्ड के लिए चलित चिकित्सा वाहन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस मोबाइल मेडिकल यूनिट के माध्यम से दुर्गम और दूरस्थ बैगा बस्तियों में सीधे स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाई जाएंगी। मोबाइल मेडिकल यूनिट में चिकित्सा अधिकारी, लैब टेक्नीशियन, फार्मासिस्ट, स्टाफ नर्स एवं कम्पाउंडर की तैनाती की गई है। वाहन में खून जांच सहित आवश्यक जांच सुविधाएं, दवाइयां और प्राथमिक उपचार की समुचित व्यवस्था उपलब्ध है। यह यूनिट लोरमी विकासखण्ड के बैगा बहुल गांवों और बसाहटों में जाकर ग्रामीणों का स्वास्थ्य परीक्षण कर उपचार उपलब्ध कराएगी, जिससे विशेष जनजाति समूहों को काफी राहत मिलेगी। मोबाइल मेडिकल यूनिट को रवाना करने के अवसर पर मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. शीला साहा, सिविल सर्जन सह मुख्य अस्पताल अधीक्षक डॉ. एम.के. राय, जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ. कमलेश कुमार सहित अन्य चिकित्सा अधिकारी और स्टाफ उपस्थित रहे। उल्लेखनीय है कि प्रधानमंत्री जनजाति आदिवासी न्याय महाअभियान (पीएम-जनमन) केंद्र सरकार की महत्वाकांक्षी योजना है, जिसका उद्देश्य विशेष रूप से कमजोर जनजातीय समूहों को स्वास्थ्य, आवास, पेयजल, शिक्षा, बिजली और आजीविका जैसी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराकर उन्हें विकास की मुख्यधारा से जोड़ना है।
