मुंगेली/ बसंत पंचमी के पावन अवसर पर शहर में धार्मिक उल्लास और श्रद्धा का वातावरण देखने को मिला। इसी क्रम में पंडरिया रोड स्थित पुराना पानी टंकी के पास स्थित प्रसिद्ध अंगारमोती मंदिर में भव्य धार्मिक आयोजन का आयोजन किया गया। सुबह से ही मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी और पूरा वातावरण “जय माता दी” के जयकारों से गूंज उठा।
इस विशेष अवसर पर माता अंगारमोती का लगभग 04 क्विंटल दूध से भव्य दुग्धाभिषेक किया गया। यह दुग्धाभिषेक देर शाम तक निरंतर चलता रहा,जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लेकर माता रानी के दर्शन किए और अपनी मनोकामनाएं अर्पित कीं। मंदिर को फूल-मालाओं और आकर्षक सजावट से सजाया गया था,जिससे परिसर और भी मनोहारी नजर आ रहा था।
नगर पालिका अध्यक्ष रोहित शुक्ला भी इस पावन अवसर पर अंगारमोती मंदिर पहुंचे। उन्होंने विधि-विधान से माता की पूजा-अर्चना कर आशीर्वाद लिया तथा नगरवासियों के सुख,शांति और समृद्धि की कामना की। इस दौरान नगर पालिका अध्यक्ष रोहित शुक्ला ने कहाकि माता अंगारमोती का आशीर्वाद सभी पर बनी रहे उन्होंने आगे कहाकि ऐसे धार्मिक आयोजन समाज में आपसी सद्भाव और आस्था को मजबूत करते हैं।
इस अवसर पर पार्षद अजय साहू,पार्षद कुलदीप पाटले,सतीश तंबोली,पप्पू शर्मा सहित अनेक जनप्रतिनिधि और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। सभी ने माता रानी के दर्शन कर पूजा-अर्चना की और आयोजन की सराहना की।
पूरे आयोजन के दौरान मंदिर समिति और स्वयंसेवकों द्वारा व्यवस्थाएं सुचारु रूप से संभाली गईं। श्रद्धालुओं के लिए प्रसाद वितरण की भी व्यवस्था की गई थी। कुल मिलाकर बसंत पंचमी के इस पावन अवसर पर अंगारमोती मंदिर में आयोजित यह धार्मिक कार्यक्रम आस्था, भक्ति और सामाजिक एकता का सुंदर उदाहरण बना।
