मुंगेली। छत्तीसगढ़ प्रदेश किसान कांग्रेस संगठन में बड़ा संगठनात्मक फेरबदल करते हुए पार्टी नेतृत्व ने आत्मा सिंह क्षत्रिय को प्रदेश महासचिव की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी है। अखिल भारतीय किसान कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष सुखपाल सिंह खैरा सहित शीर्ष नेतृत्व की सहमति एवं प्रदेश कांग्रेस नेतृत्व की अनुशंसा पर यह नियुक्ति की गई है।
नियुक्ति पत्र जारी होते ही किसान कांग्रेस के कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल बन गया है। संगठन ने उम्मीद जताई है कि आत्मा सिंह क्षत्रिय के अनुभव और सक्रियता से प्रदेश भर में किसान कांग्रेस को नई ऊर्जा मिलेगी और किसानों की आवाज और अधिक मजबूती से सरकार एवं प्रशासन तक पहुंचेगी।
मुंगेली के पं. दीनदयाल उपाध्याय वार्ड क्रमांक 22 निवासी आत्मा सिंह क्षत्रिय लंबे समय से किसान हितों से जुड़े आंदोलनों और संगठनात्मक कार्यों में सक्रिय रहे हैं। उनकी नियुक्ति को जिले के लिए भी अहम माना जा रहा है।
प्रदेश किसान कांग्रेस ने स्पष्ट किया है कि नई जिम्मेदारी के साथ संगठन को जमीनी स्तर पर सशक्त करने, किसानों की समस्याओं के समाधान और उनके अधिकारों की रक्षा के लिए सक्रिय रणनीति बनाई जाएगी। नियुक्ति आदेश तत्काल प्रभाव से लागू हो गया है।
