मुंगेली। छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने लंबी कवायद और गहन मंथन के बाद प्रदेश के 307 ब्लॉकों के लिए ब्लॉक अध्यक्षों की बहुप्रतीक्षित सूची जारी कर दी है। संगठनात्मक मजबूती की दिशा में इसे कांग्रेस का बड़ा कदम माना जा रहा है। जारी सूची में मुंगेली शहर से दीपक गुप्ता को शहर कांग्रेस अध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
दीपक गुप्ता को यह दायित्व मिलने के बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं और समर्थकों में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। कार्यकर्ताओं ने इसे संगठन के प्रति उनकी सक्रियता, निष्ठा और जमीनी पकड़ का परिणाम बताया है। पार्टी नेताओं का मानना है कि उनके नेतृत्व में मुंगेली शहर कांग्रेस को नई ऊर्जा मिलेगी और संगठन को और मजबूत आधार प्राप्त होगा।
प्रदेश कांग्रेस नेतृत्व द्वारा जारी की गई इस सूची में सभी जिलों और ब्लॉकों का प्रतिनिधित्व करते हुए नए और अनुभवी कार्यकर्ताओं को मौका दिया गया है। पार्टी सूत्रों के अनुसार, आगामी निकाय और विधानसभा चुनावों को ध्यान में रखते हुए संगठनात्मक ढांचे को मजबूत करने के उद्देश्य से यह नियुक्तियां की गई हैं।

मुंगेली में दीपक गुप्ता की नियुक्ति पर कांग्रेसजनों ने बधाई और शुभकामनाएं दी हैं। वहीं प्रदेश कांग्रेस ने स्पष्ट किया है कि सभी नवनियुक्त अध्यक्ष पार्टी की नीतियों को जन-जन तक पहुंचाने और संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने का कार्य करेंगे।
प्रदेश कांग्रेस द्वारा जारी 307 ब्लॉक अध्यक्षों की पूरी सूची अब सार्वजनिक कर दी गई है, जिसे पार्टी के अधिकृत माध्यमों पर देखा जा सकता है।


